बंगाल में मॉनसून सक्रिय, रविवार तक दक्षिण बंगाल बारिश रहेगी जारी

शुक्रवार को भी बारिश से नहीं मिली राहत
बंगाल में मॉनसून सक्रिय, रविवार तक दक्षिण बंगाल बारिश रहेगी जारी
Published on

सोमवार से बदलेगा बंगाल का मौसम

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से मॉनसून एक बार फिर बेहद सक्रिय हो गया है। गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी पूरा दिन रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा। आसमान में घने बादलों के छाए रहने के कारण कोलकाता सहित पूरे दक्षिण बंगाल में धूप के दर्शन दुर्लभ हो चुके हैं। अलीपुर मौसम कार्यालय के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही भारी जलवाष्प के कारण उत्तर से लेकर दक्षिण बंगाल तक मौसम का मिजाज कुछ दिनों तक ऐसा ही बना रहेगा।

कब थमेगा बारिश का तांडव?

दक्षिण बंगाल के 7 जिलों (उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मिदनापुर, पुरुलिया, बांकुड़ा और पूर्व व पश्चिम बर्दवान) में शुक्रवार को भारी बारिश जारी रही। शनिवार को हालांकि किसी विशेष जिले के लिए भारी बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन रविवार को मुर्शिदाबाद और बीरभूम में मूसलधार बारिश हो सकती है। कोलकाता में भी रविवार तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। सोमवार से मौसम में सुधार होने की उम्मीद है। वहीं उत्तर बंगाल में शनिवार से बारिश का दायरा और बढ़ने वाला है। शनिवार और रविवार को दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर, कलिम्पोंग और कूचबिहार में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि उत्तर बंगाल में भी सोमवार से मौसम पूरी तरह सामान्य हो जाएगा और भारी बारिश का यह दौर थम जाएगा।

दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और मॉनसून ट्रफ का असर

पंजाब से लेकर बंगाल की खाड़ी तक फैले मॉनसून ट्रफ और पश्चिम बंगाल के ऊपर सक्रिय दो चक्रवाती हवाओं के घेरों (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। फिलहाल समुद्र में गए मछुआरों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन अगले कुछ दिनों तक लोगों को इस तूफानी मौसम से जूझना पड़ेगा। शुक्रवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in