नयी दिल्ली : कई दिनों के ‘विराम’ के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है, जिससे इसके उत्तर-पश्चिमी भारत में 25 जून तक दिल्ली सहित देश के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में मानसून 27 जून से पहले ही दस्तक दे सकता है। मध्य प्रदेश में 16 जून तक मानसून की एंट्री हो सकती है। वहीं राजस्थान के जैसलमेर में आज सुबह बारिश हुई। मौसम विभाग ने राजस्थान के 23 जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जतायी है। मौसम विभाग ने शनिवार को उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा सहित देश के 7 राज्यों में लू (हीटवेव) का अलर्ट भी जारी किया।
हिमाचल में लैंडस्लाइड, पुणे में गाड़ियां बहीं
केंद्रीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार मानसून 28 मई से 11 जून तक रुका रहा। अब यह फिर सक्रिय हुआ है। अब मानसून 18 जून तक देश के मध्य और पूर्वी हिस्सों और उत्तर-पश्चिम के कुछ इलाकों तक पहुंच जायेगा। इसके बाद 19 से 25 जून के बीच उत्तर-पश्चिम के अधिकांश हिस्सों में इसके आगे बढ़ने की उम्मीद है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि दिल्ली में मानसून की एंट्री तय तारीख (27 जून) से 3-4 दिन पहले हो सकती है। उधर शुक्रवार रात पुणे में भारी बरसात हुई। पिंपरी चिंचवड़ शहर की सड़कों पर पानी भर गया। नाले में चार से पांच गाड़ियां बह गयीं, गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। हिमाचल के चंबा जिले में भूस्खलन हुआ।
गर्मी से बचने के लिए महिलाएं दोपहर में खाना न बनायें : हरियाणा सरकार
मौसम विभाग ने शनिवार को उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा सहित देश के 7 राज्यों में लू (हीटवेव) का अलर्ट जारी किया है। गत शुक्रवार को राजस्थान का श्रीगंगानगर देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 49.4 डिग्री पहुंच गया था। इससे पहले श्रीगंगानगर में 1 जून, 2018 को 49.1 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया था। श्रीगंगानगर में जून महीने का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान 14 जून 1934 को 50 डिग्री दर्ज किया गया था। हरियाणा में बढ़ती गर्मी को देखते हुए सरकार की ओर से गाइड लाइन जारी की गयी है। इसमें कहा गया है कि महिलाएं गर्मी के पीक आवर्स में खाना न बनाएं। इसके साथ यह भी कहा है कि प्यास न हो तब भी पानी पीते रहें।