सत्ता, पैसा और नैतिकता
टॉप न्यूज़
पैसा बहुत बड़ी चीज है!
सत्ता, पैसा और नैतिकता के रिश्ते को समझना हो तो एनवीडिया के संस्थापक जेनसन हुआंग की 11 दिन में हुई वापसी से बेहतर उदाहरण फिलहाल शायद ही मिले
सत्ता, पैसा और नैतिकता के रिश्ते को समझना हो तो एनवीडिया के संस्थापक जेनसन हुआंग की 11 दिन में हुई वापसी से बेहतर उदाहरण फिलहाल शायद ही मिले। जिस व्यक्ति को गंभीर निजी आरोपों और चीन के लिए जासूसी के संदेह से जुड़े विवाद के कारण दुनिया की सबसे बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों में से एक के शीर्ष पद से हटना पड़ा, वही व्यक्ति महज 11 दिन बाद पहले से अधिक ताकत के साथ वापस आ गया। इस वापसी के पीछे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की खुली पैरवी थी। और इस पूरे घटनाक्रम के बीच अरबों डॉलर का खेल भी हुआ। यही इस कहानी का सबसे दिलचस्प और सबसे असहज पहलू है। हुआंग ने 12 नवंबर को एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, अध्यक्ष और निदेशक मंडल के सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया था। विवाद की शुरुआत उनकी एक चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग से नजदीकी के खुलासे से हुई। अमेरिकी अधिकारियों को संदेह था कि एलिस के चीन की खुफिया व्यवस्था से संबंध हैं और वह बीजिंग को संवेदनशील सूचनाएं पहुंचा रही थीं। वह मेगास्पीड नामक कंपनी से जुड़ी थीं, जिसे एनवीडिया के उन्नत एआई चिप तक प्राथमिक पहुंच हासिल थी। आशंका है कि इस रिश्ते के जरिये चीन प्रतिबंधित चिप या गोपनीय जानकारी ले रहा था। विवाद यहीं तक सीमित नहीं रहा। खबरें आईं कि हुआंग के एनवीडिया की एक वरिष्ठ महिला अधिकारी के साथ भी संबंध थे, जो सीधे उन्हें रिपोर्ट करती थीं। कंपनी के भीतर उनके आचरण को लेकर पहले भी सवाल उठने और एक पूर्व एचआर अधिकारी के साथ पुराने विवाद में समझौते की खबरें सामने आईं। हुआंग का निजी आचरण का मामला राष्ट्रीय सुरक्षा और कंपनी के हितों से जुड़ गया, तब निदेशक मंडल पर दबाव बढ़ गया। 12 नवंबर को इस्तीफा हुआ और वित्त प्रमुख कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ बनाया गया। कहानी का अगला अध्याय कहीं अधिक दिलचस्प था। हुआंग ने वापसी की इच्छा जताई। कंपनी के निदेशक मंडल ने साफ कह दिया कि उनकी वापसी नहीं होगी। दूसरी ओर, कंपनी के कर्मचारियों, निवेशकों और तकनीकी जगत की कई प्रभावशाली हस्तियों ने उनका समर्थन शुरू कर दिया। उनकी वापसी के लिए चलाए गए अभियान को एलन मस्क सहित करीब 1.77 लाख लोगों का समर्थन मिला। इसके बाद ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से कहा कि हुआंग को वापस आना चाहिए। उन्होंने उन्हें अमेरिकी अर्थव्यवस्था और देश की तकनीकी ताकत के लिए जरूरी बताया। 22 नवंबर को ट्रंप ने सोशल मीडिया पर ‘उम्मीद जताई’ कि एनवीडिया का निदेशक मंडल हुआंग को वापस बुलाएगा। अगले ही दिन कंपनी ने घोषणा कर दी कि निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से उनकी वापसी को मंजूरी दे दी है। ट्रंप ने बाद में दावा किया कि उन्होंने स्वयं मंडल को मनाया था। ट्रंप ने सरकारी अधिकारियों के माध्यम से भी कंपनी पर दबाव डाला। जिस विवाद ने हुआंग की कुर्सी छीन ली थी, उसी विवाद में सरकार की ओर से सुरक्षा का भरोसा उनकी वापसी का रास्ता बन गया। अमेरिका और चीन के बीच तकनीकी वर्चस्व की लड़ाई में एनवीडिया के चिप की भूमिका असाधारण है। अब इस कहानी का सबसे बड़ा पहलू देखिए- पैसा। हुआंग के इस्तीफे के बाद एनवीडिया के शेयरों में भारी गिरावट आई। लेकिन वापसी की घोषणा के दिन कंपनी के शेयर लगभग 34 प्रतिशत उछल गए। गिरावट में ट्रंप ने भी एनवीडिया के शेयरों में बड़ी खरीदारी की। अनुमान है कि ट्रंप ने करीब 1.5 करोड़ डॉलर एक ही दिन में कमा लिए। खुद हुआंग की संपत्ति में एक ही दिन में करीब 34 अरब डॉलर की वृद्धि हो गई। यह मामला केवल कारोबारी वापसी नहीं है, यह सत्ता और निजी आर्थिक हितों के टकराव का सवाल है। नैतिकता, चरित्र और राष्ट्रीय सुरक्षा के सवाल तब तक बेहद बड़े दिखाई देते हैं, जब तक वे आर्थिक और रणनीतिक हितों से नहीं टकराते। लेकिन बड़ा सवाल यही रहेगा- क्या आर्थिक ताकत किसी व्यक्ति को हर आरोप और विवाद से ऊपर खड़ा कर सकती है? क्या राष्ट्रीय सुरक्षा का आकलन भी राजनीतिक जरूरतों और बाजार की चिंता के अनुसार बदल सकता है? और क्या किसी राष्ट्रपति के लिए यह उचित है कि वह ऐसी कंपनी के प्रमुख की वापसी के लिए दबाव डाले, जिसके शेयरों में खुद पैसा लगाया हो? दुनिया में नैतिकता की कसौटियां सबके लिए समान नहीं हैं। सच में, पैसा बहुत बड़ी चीज है, वह हर आरोप, हर दोष को धुंधला कर देता है।

