

यरूशलमः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इजराइल के दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को यहां पहुंचे। अपनी इस यात्रा के दौरान वह अपने समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू के साथ वार्ता करेंगे, इजराइल की संसद को संबोधित करेंगे और भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ बातचीत करेंगे।
प्रधानमंत्री नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा ने हवाई अड्डे पर मोदी की अगवानी की। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया और अभिवादन किया। प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। वर्ष 2017 के बाद मोदी की इजराइल की यह दूसरी यात्रा है।
मोदी इजराइल की संसद ‘नेसेट’ को संबोधित करेंगे और ऐसा गौरव प्राप्त करने वाले वह पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। इजराइल यात्रा पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने अपने वक्तव्य में कहा था कि भारत और इजराइल एक मजबूत और बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी साझा करते हैं जिसमें उल्लेखनीय वृद्धि और प्रगति देखी गई है तथा वह प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ अपनी मुलाकात को लेकर आशान्वित हैं।
मोदी ने कहा कि उनकी यह यात्रा उनके ‘‘प्रिय मित्र प्रधानमंत्री नेतन्याहू’’ के निमंत्रण पर हो रही है। इस यात्रा के दौरान मोदी इजराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे।