मंगलदोई (असम) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस देश की सेना का समर्थन करने के बजाय पाकिस्तान द्वारा पोषित आतंकवादियों का समर्थन कर रही है। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान में आतंकवादी ढांचे को नष्ट करने वाले हमारे सशस्त्र बलों का समर्थन करने के बजाय घुसपैठियों और राष्ट्रविरोधी ताकतों को बचाने में लगी रही।
उठाया घुसपैठियों का मुद्दा
मोदी ने असम में दरांग जिले के मंगलदोई में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर घुसपैठियों और राष्ट्र-विरोधी ताकतों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने साथ ही कहा कि भाजपा घुसपैठियों को जमीन हड़पने नहीं देगी और न ही जनसांख्यिकी बदलने की उनकी साजिश को कामयाब होने देगी। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिश्व सरमा ने शनिवार रात उन्हें एक वीडियो दिखाया था, जिसमें कांग्रेस के एक पूर्व अध्यक्ष यह कहते हुए दिखाई दे रहे थे कि ‘भाजपा गायकों और नर्तकों का सम्मान कर रही है’। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता की यह टिप्पणी 2019 में भाजपा द्वारा भूपेन हजारिका को भारत रत्न दिये जाने के बाद की गयी थी।
‘जनसांख्यिकी नहीं बदलने देंगे’
मोदी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिश्व सरमा की अतिक्रमण की गयी भूमि से घुसपैठियों को बाहर निकालने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रशंसा की कि किसान अब इन भूखंडों पर खेती कर सकेंगे। उन्होंने दावा किया कि जिन भूमियों पर कभी अवैध कब्जा था, वहां अब किसानों और स्थानीय लोगों के हाथों से कृषि क्रांति आ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में घुसपैठ के जरिये जनसांख्यिकी को बदलने की साजिशें जारी हैं और यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है इसलिए अब एक राष्ट्रव्यापी जनसांख्यिकी मिशन शुरू किया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक के रूप में उभर रहा है और असम की विकास दर 13 प्रतिशत है।
6,300 करोड़ की परियोजनाओं की आधारशिला रखी
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार पूर्वोत्तर में कनेक्टिविटी पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जिससे व्यवसायों को मदद मिली है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। कार्यक्रम के दौरान मोदी ने मंगलदोई में 6,300 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने एक नर्सिंग कॉलेज और एक जीएनएम स्कूल के साथ-साथ दरांग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की भी आधारशिला रखी।