कृषि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश करे उद्योग जगत : मोदी

PM ने फिक्की के वार्षिक सम्मेलन में उद्योग जगत से मांगे जरूरी सुधारों के लिए सुझाव
modi_in_ficci_annual_conference
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्योग संगठन फिक्की की वार्षिक आम बैठक में मांगे सुझाव
Published on: 

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को उद्योग जगत से आग्रह किया कि वह भारत को आत्मनिर्भर बनाने पर ध्यान दे और कृषि एवं इससे जुड़े क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश करे। प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत से देश की आगे की वृद्धि के लिए जरूरी सुधारों के सुझाव भी आमंत्रित किये।

राहुल के आरोपों का जवाब!

मोदी ने गुरुवार को उद्योग संगठन फिक्की (फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री) की वार्षिक आम बैठक और वार्षिक सम्मेलन में कहा कि पिछले 12 साल में भारत की इकोनॉमी बदली है और 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। PM का यह बयान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आरोपों के एक दिन बाद आया है। राहुल ने बुधवार को न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में कहा था कि भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। इसके पीछे बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी खामियां हैं।

कॉरपोरेट कर घटाया, लेकिन क्या कर्मचारियों की संख्या, वेतन में वृद्धि हुई?

प्रधानमंत्री ने पिछले 12-13 वर्षों में अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में विकास की रफ्तार बहुत तेज है और इसी तरह लोगों के गरीबी से बाहर निकलने की गति भी बहुत तेज है। कॉरपोरेट कर की मूल दर 2014 के 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत कर दी गयी है। इसके अलावा सालाना 12 लाख रुपये तक की व्यक्तिगत आय को भी कर-मुक्त किया गया है। मोदी ने उद्योग जगत से पूछा की सरकार ने कॉरपोरेट कर घटाया है, लेकिन क्या उन्होंने कर्मचारियों की संख्या और उनके वेतन में बढ़ोतरी की है।

‘करदाताओं का सम्मान करने से देश आगे बढ़ता है, गालियों से नहीं’

मोदी ने राहुल गांधी पर परोक्ष निशाना साधते हुए कहा कि देश किसानों, छोटे उद्यमियों, उद्योगों, धन सृजित करने वालों और करदाताओं का सम्मान करने से आगे बढ़ता है, न कि उन्हें दिन-रात अपशब्द कहने से। पिछली सरकारों पर कटाक्ष करते हुए मोदी ने कहा कि उद्योग जगत के साथ पिछली सरकारों का अनुभव इतना खराब रहा है कि अब उन्हें भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने उद्योग जगत से अगले 20 वर्षों तक निवेश से जुड़े हर दीर्घकालिक फैसले का आधार ‘इंडिया फर्स्ट’ को बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे देश आत्मनिर्भर बनेगा और उद्योगों के कारोबार को आगे बढ़ाने के नए अवसर भी खुलेंगे।

वैश्विक ग्राहकों की जरूरत को समझने की अपील

प्रधानमंत्री ने अगले 20 साल में विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए उद्योग जगत से हर फैसले में ‘इंडिया फर्स्ट’ की भावना से काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि फार्मा, इस्पात, एल्यूमीनियम, खनिज और कृषि उत्पादों जैसे कई क्षेत्र हैं जिनमें आत्मनिर्भर बनने की जरूरत है। साथ ही निर्यात बढ़ाने के लिए वैश्विक ग्राहकों की जरूरत को समझने और उनके लिए उत्पाद तैयार करने तथा घरेलू ग्राहकों के लिए वैश्विक गुणवत्ता के उत्पाद तैयार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत गेहूं का निर्यात करता है जबकि ब्रेड आयात करता है। बॉक्साइट के भंडार होने का बाद भी विशिष्ट श्रेणी के एल्युमीनियम का आयात होता है। लौह अयस्क का निर्यातक होने के बावजूद हम तैयार इस्पात का आयात करते हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News