मोदी ने ब्रिक्स देशों के संसदीय प्रतिनिधिमंडलों से की मुलाकात
नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को रूस, चीन, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात समेत ब्रिक्स देशों के संसदीय प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की। यहां स्थित संविधान सदन में आयोजित 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच में ब्रिक्स के सदस्य और साझेदार देशों के संसदीय नेता एक साथ जुटे है। इस मंच का उद्देश्य संसदीय सहयोग को मजबूत करने और जन-केंद्रित विकास को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करना है। अधिकारियों ने बताया कि 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच के उद्घाटन सत्र के बाद प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स देशों के संसदीय प्रतिनिधिमंडलों के साथ बातचीत की। प्रधानमंत्री मोदी के अलावा विदेश मंत्री एस. जयशंकर, कांग्रेस सांसद शशि थरूर और अन्य भारतीय सांसदों ने ब्रिक्स के सदस्य देशों और साझेदार देशों से आए संसदीय प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की। 2 दिवसीय इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले सदस्य देशों में ब्राजील, रूस, चीन, मिस्र, संयुक्त अरब अमीरात और ईरान शामिल हैं। वहीं, इस बैठक में भाग लेने वाले साझेदार देशों में बेलारूस, क्यूबा, थाईलैंड, युगांडा, वियतनाम, उज्बेकिस्तान और कजाकिस्तान शामिल हैं।

