मोदी सरकार ने लोगों को भूखा मार देने के लिए बकाया रोक रखा है : अभिषेक

मोदी सरकार ने लोगों को भूखा मार देने के लिए बकाया रोक रखा है : अभिषेक
Published on

सन्मार्ग संवाददाता 

पूर्व बर्दवान : तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने रविवार को नरेन्द्र मोदी सरकार पर बंगाल के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोगों को भाजपा भूखा मार देना चाहती है और इसलिए पिछले पांच वर्षों से राज्य का बकाया रोक रखा है। पूर्व बर्दवान के रैना में पार्टी प्रत्याशी मंदिरा डोलुई के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि अगर वह सच नहीं बोल रहे हैं, तो भाजपा सबूतों के साथ उनका खंडन करे और उन्हें जेल भेज दे। उन्होंने कहा कि ‘केंद्र ने राज्य की परियोजनाओं के लिए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की बकाया राशि जारी नहीं की है। उसने ऐसा पश्चिम बंगाल के गरीब लोगों को भूखा मारने के लिए किया है, क्योंकि उन्होंने लगातार विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता में पहुंचाया।’ डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस चुनौती का डटकर सामना किया और ग्रामीण रोजगार के लिए 'कर्मश्री', आवास के लिए 'बंग्लार बारी' और पेयजल आपूर्ति परियोजनाओं जैसी योजनाओं को राज्य के अपने संसाधनों से चलाया। तृणमूल महासचिव ने श्रोताओं से रूबरू होते हुए कहा, कि ‘तृणमूल कांग्रेस आपके चेहरे पर मुस्कान देखना चाहती है, जबकि मोदी आपकी आंखों में आंसू देखना चाहते हैं क्योंकि आपने लगातार चुनावों में भाजपा को नकार दिया है। आपको भूखा मारने की इस साजिश को लेकर आप बंगाल विरोधी पार्टी को मुंहतोड़ जवाब दें।’ उन्होंने कहा, ‘केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हमारे राज्य का पैसा रोके जाने के बाद, दो वर्षों में 'बंग्लार बारी' योजना के तहत 32 लाख लोगों को घर दिए गए हैं। अगले पांच वर्षों में, हमारी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि राज्य के सभी वंचित व्यक्तियों के पास रहने के लिए छत हो।’

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in