योग दिवस पर कोलकाता पहुंचे मोदी, कार्यक्रमों की श्रृंखला तय

रेड रोड से पोर्ट तक व्यस्त रहेगा प्रधानमंत्री का दौरा योग दिवस समारोह में करेंगे सहभागिता
योग दिवस पर कोलकाता पहुंचे मोदी, कार्यक्रमों की श्रृंखला तय
Published on

कोलकाता : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार, 21 जून को कोलकाता योग करेंगे। उनका कार्यक्रम भले ही कुछ घंटों का हो, लेकिन इस दौरान वे शहर के दो महत्वपूर्ण आयोजनों में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन, पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां की हैं। रेड रोड से लेकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट और एयरपोर्ट तक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

पहला कार्यक्रम कोलकाता के रेड रोड पर


प्रधानमंत्री का पहला कार्यक्रम कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह सुबह 6:25 बजे समारोह स्थल पहुंचेंगे। यहां वे योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों के साथ योग संबंधी गतिविधियों का हिस्सा बनेंगे। प्रधानमंत्री की मौजूदगी को देखते हुए रेड रोड और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह सुबह 7:50 बजे वहां से प्रस्थान करेंगे।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट में भी रहेगा कार्यक्रम

योग दिवस समारोह के बाद प्रधानमंत्री का अगला पड़ाव श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट होगा। तय कार्यक्रम के अनुसार वह सुबह 9:15 बजे पोर्ट परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। यहां वे विभिन्न गतिविधियों और विकास कार्यों से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। बंदरगाह क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रधानमंत्री करीब एक घंटे तक कार्यक्रम में रहने के बाद सुबह 10:20 बजे वहां से रवाना होंगे।

हेलीपैड से एयरपोर्ट और फिर दिल्ली रवाना

पोर्ट से निकलने के बाद प्रधानमंत्री सुबह 10:35 बजे आरसीटीसी हेलीपैड पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11:00 बजे उनका विमान पश्चिम बंगाल से प्रस्थान करेगा। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात और सुरक्षा संबंधी विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि कार्यक्रमों का संचालन सुचारु रूप से हो सके।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in