हुगली : चंदननगर थाने की पुलिस ने मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मंगलवार की मध्यरात्रि को 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम कीर्तन नोनिया (40), शुुभम नोनिया (26) और रोहित नोनिया (23) हैं। गिरफ्तार तीनों अभियुक्त आसनसोल जामुड़िया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। तीनों चंदननगर में किराए के घर में रहते थे। पुलिस अभियुक्तों को चंदननगर के यमपुकुर इलाके से पकड़ा है। पुलिस ने उनके पास से 70 मोबाइल बरामद किये हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार बिहार-ओडिशा में मोबाइलों की तस्करी होती थी। पुलिस ने कहा कि इसके पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लगभग आठ महीने पहले, कीर्तन ने यमपुकुर इलाके में किराए पर घर लेकर शुभम और रोहित के साथ रहता था। दो महीने तक किराए के घर में रहने के बाद वे घर पर ताला लगा कर चले गए थे। 16 मई को वे लोग वापस आ गए। फिर पुलिस ने उन लोगों को धर दबोचा। पुलिस का अनुमान है कि आरोपित मोबाइल चोरी के किसी बड़े गिरोह में शामिल हैं। बरामद मोबाइल किसके हैं, पुलिस इसका पता लगा रही है। चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के उच्च अधिकारियों के अनुसार अभियुक्तों को चंदननगर कोर्ट में पेश करने पर उन्हें पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

