लापता राइफल शूटर दमयंती सेन सकुशल बरामद

तनाव के चलते घर छोड़ने की कही बात, रामकृष्णपुर घाट इलाके से मिली, हावड़ा थाने की निगरानी में
Missing Shooter Damayanti Sen Found Safe in Howrah, Cites Study and Sports Pressure
बेटी के सकुशल लौट आने की जानकारी देते पिता ध्रुवज्योति सेन
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : राष्ट्रीय टीम में चयन के लिए ट्रायल से पहले रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई हावड़ा की 15 वर्षीय प्रतिभाशाली राइफल शूटर दमयंती सेन शनिवार को तड़के सकुशल बरामद कर ली गईं। पुलिस के अनुसार, दमयंती को हावड़ा के रामकृष्णपुर घाट पर पाया गया। वहीं दमयंती ने पुलिस को बताया कि “वह हावड़ा स्टेशन से श्रीरामपुर स्टेशन पर उतरी। वहां उसकी मुलाकात एक दक्षिण भारतीय महिला से हुई। उन्होंने उसकी बहुत मदद की। उन्होंने उसे पहनने के लिए कपड़े दिए और खाना भी खिलाया।” दमयंती को हावड़ा थाने ले जाने के बाद हावड़ा सिटी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने उससे पूछताछ शुरू की। वह अलग-अलग जगहों पर रह रही थी। वह कहां थी और किस तरह रह रही थी, इसकी जांच की जा रही है।

खेल और पढ़ाई के दबाव को बताया वजह, पुलिस कर रही बयान की पुष्टि

पुलिस को दिए प्रारंभिक बयान में दमयंती ने बताया कि वह खेल और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाने के भारी मानसिक तनाव से गुजर रही थी। इसी कारण उन्होंने घर छोड़ दिया था और इस दौरान विभिन्न स्थानों पर घूमती रहीं। बाद में वह अपने गृह नगर हावड़ा लौट आईं, जहां से उन्हें बरामद किया गया। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उनके बयान का अभी पूरी तरह सत्यापन किया जाना बाकी है और मामले की जांच जारी है। दमयंती, ध्रुवज्योति सेन की बेटी हैं और मध्य हावड़ा के उमाचरण भट्टाचार्य लेन की निवासी हैं। वह शुक्रवार की सुबह घर से पास की दुकान जाने के लिए निकली थीं, लेकिन नहीं लौटीं। बाद में उन्हें आखिरी बार हावड़ा स्टेशन के एक प्लेटफॉर्म पर देखे जाने की जानकारी मिली थी। घटना के बाद परिवार ने हावड़ा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। राष्ट्रीय टीम में चयन के लिए ट्रायल से पहले उनके लापता होने से परिवार, कोच और साथी खिलाड़ियों में चिंता का माहौल बन गया था। अब उनके सकुशल मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली है, जबकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in