मुंबई में मिली हावड़ा की लापता महिला !

Missing Howrah Woman Found in Mumbai After 4 Years with Help of Ham Radio
असीमा जिसकी 4 साल बाद हुई घर वापसी
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के उलूबेड़िया के गंगारामपुर की रहने वाली एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला, जो लंबे समय से लापता थी, मुंबई में बरामद हुई है। महिला की पहचान असीमा के रूप में हुई है। उसके परिवार में पति, 20 वर्षीय बेटा और 16 वर्षीय बेटी हैं। परिजनों के अनुसार, असीमा घरेलू प्रताड़ना का शिकार थी, जिसके कारण उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई थी। बताया गया कि करीब छह वर्ष पहले भी वह गुजरात में मिली थी और बाद में परिवार के पास लौट आई थी। इस बार उसे मुंबई के शिवाजी नगर टर्मिनस रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध अवस्था में देखा गया। उसके असामान्य व्यवहार पर रेलवे पुलिस की नजर पड़ी। आशंका जताई गई कि उसे नशीला पदार्थ देकर अपने कब्जे में रखा गया था, हालांकि इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

चार साल बाद परिवार का चला पता

पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे एक होम में भेज दिया, जहां वह पिछले दो वर्षों से रह रही थी। महिला केवल बंगाली भाषा में बात करती थी। इसी आधार पर होम प्रशासन ने विभिन्न सामाजिक संगठनों, पुलिस तथा वेस्ट बंगाल रेडियो क्लब (हैम रेडियो) से संपर्क किया। क्लब के सचिव अंबरीष नाग विश्वास के प्रयासों से महिला के परिवार का पता हावड़ा के उलूबेड़िया नगर पालिका के 26 नंबर वार्ड स्थित गंगारामपुर में लगाया गया। करीब चार वर्ष बाद मां का पता चलने से उसकी स्कूली छात्रा बेटी बेहद भावुक हो गई। हालांकि, जानकारी के अनुसार महिला के पति और ससुराल पक्ष उसे घर वापस रखने के पक्ष में नहीं हैं। ऐसे में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मुंबई में ही उसके मानसिक उपचार की व्यवस्था जारी रखने की अपील की है। महिला के स्वस्थ होने के बाद उसके मायके पक्ष, विशेषकर उसके भाई ने उसे अपने साथ रखने की इच्छा जताई है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in