6 अक्टूबर को अल्पसंख्यकाें की परीक्षा : शुभेंदु अधिकारी

राज्य में 6 अक्टूबर को नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव, अल्पसंख्यक तय करें कि वे सरकार के साथ हैं या नहीं
6 अक्टूबर को अल्पसंख्यकाें की परीक्षा : शुभेंदु अधिकारी
Published on

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य में 6 अक्टूबर को नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं। राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी बीजेपी ने मंगलवार को दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। उम्मीदवारों की घोषणा के बाद सीएम शुभेंदु अधिकारी ने अल्पसंख्यक समुदाय को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि 6 अक्टूबर उनके लिए परीक्षा का दिन है। इस दिन यह साबित होगा कि अल्पसंख्यक समुदाय बीजेपी के दोस्त हैं या नहीं। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि बीजेपी दोनों सीटों पर भारी मतों के अंतर से जीत दर्ज करेगी। उल्लेखनीय है कि पूर्व मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम और मुर्शिदाबाद की रेजीनगर सीट पर अल्पसंख्यक मतदाताओं की अच्छी-खासी संख्या है। सीएम ने दावा किया, “मैं वोट करना और वोट कराना भी जानता हूं। नंदीग्राम में बीजेपी इतने बड़े अंतर से जीतेगी, जिसकी कभी किसी ने कल्पना नहीं की होगी।” इस दौरान उन्होंने तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2021 में ममता बनर्जी नंदीग्राम से उन्हें हराने आई थीं, लेकिन उन्हें हराकर घर भेज दिया गया। इस बार (2026 भवानीपुर) गंगा पार कर भवानीपुर में भी उन्हें हरा दिया गया है।

जो मुझे वोट नहीं देते, मुझे उनसे आपत्ति नहीं

सीएम ने कहा कि “जो लोग मुझे वोट नहीं देते और न ही बीजेपी को वोट देते हैं, उनसे मुझे कोई आपत्ति नहीं है। मैं नंदीग्राम और रेजीनगर के अल्पसंख्यक समुदाय से एक आवेदन करके अपनी बातों को विराम दूंगा। यह उपचुनाव आप लोगों के लिए एक अवसर लेकर आया है। आप लोग तय करें कि आप सरकार के साथ रहेंगे या नहीं।” उन्होंने आगे कहा, “यदि सरकार के साथ रहना चाहते हैं, मुख्यमंत्री के साथ रहकर हाथ से हाथ मिलाकर काम करना चाहते हैं और सरकार से काम लेना चाहते हैं, तो 6 अक्टूबर को रेजीनगर और नंदीग्राम में परीक्षा है। उस परीक्षा में आप लोग पास करेंगे या फेल, यह आप लोगों पर निर्भर है। बाकी हम लोग जीत रहे हैं और जीतेंगे। चिंता की कोई बात नहीं है।” उन्होंने कहा कि बीजेपी की जीत का प्रमाण इस बार रेयापाड़ा से दिया जाएगा और वहीं मतगणना होगी। उन्होंने दावा किया कि जीत का अंतर इतना बड़ा होगा, जिसकी लोग कल्पना भी नहीं कर सकते। उन्होंने कहा, “अभी तो अनुकूल परिस्थिति है, आसपास कोई नहीं है। बाकी 18 तारीख के बाद पता चलेगा कि ऋत तृणमूल या पीसी तृणमूल। 18 के बाद इस पर बात होगी।”

विकास कार्यों में धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं

सीएम ने कहा कि विकास का अवसर सभी को मिल रहा है और आगे भी मिलता रहेगा। भाजपा सरकार विकास के मामले में किसी के साथ भेदभाव नहीं करती। उन्होंने कहा, “आप लोग हमें हिंदुओं की पार्टी कहते हैं और वोट नहीं देते हैं। मैं कहना चाहता हूं कि यह उपचुनाव नंदीग्राम और रेजीनगर में आप लोगों के लिए एक अवसर लेकर आया है। आप लोग प्रमाणित कर सकते हैं कि आप बीजेपी के बंधु हैं।” सीएम ने कहा कि नंदीग्राम में पार्टी के कार्यकर्ताओं पर दर्ज गलत मामलों को वापस लेने की जिम्मेदारी उनकी है। उन्होंने कहा कि हर गरीब परिवार के सिर पर छत और पेट में भोजन हो, यह उनका संकल्प है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in