Minor girl who attempted suicide turned out to be 4 months pregnant, rape accused arrested
सांकेतिक फोटो

आत्महत्या की कोशिश करने वाली नाबालिग निकली 4 माह की गर्भवती, दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

परिजनों ने जिसे घरेलू विवाद समझा, वह निकला यौन शोषण का मामला; आरोपी युवक 3 दिन की पुलिस हिरासत में
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : उत्तर 24 परगना जिले के अशोकनगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक नाबालिग लड़की ने अपनी जीवनलीला समाप्त करने के लिए चूहे मारने का जहर खा लिया। आनन-फानन में उसे अशोकनगर स्टेट जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती तौर पर परिवार ने पुलिस को बताया था कि मां के साथ मामूली कहासुनी के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है, लेकिन सच कुछ और ही था।

अस्पताल में हुआ बड़ा खुलासा

अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने नाबालिग की गहन जांच की। 6 फरवरी को चिकित्सा रिपोर्ट और जांच के बाद डॉक्टरों ने परिजनों को सूचित किया कि किशोरी चार महीने की गर्भवती है। यह खबर सुनते ही परिवार के लोग सन्न रह गए। जब नाबालिग की हालत में थोड़ा सुधार हुआ और उससे कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। किशोरी ने खुलासा किया कि एक युवक ने उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया था, जिसके कारण वह गर्भवती हो गई। बदनामी के डर और शारीरिक बदलावों से घबराकर उसने आत्महत्या का रास्ता चुना था।

आरोपी सलाखों के पीछे

नाबालिग के बयान के आधार पर परिजनों ने तुरंत अशोकनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और सोमवार रात को ही 19 वर्षीय आरोपी तपु पारुई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो (POCSO) कानून और दुष्कर्म की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

मंगलवार को आरोपी को बारासात अदालत में पेश किया गया। सरकारी वकील ने मामले की तह तक जाने और साक्ष्य जुटाने के लिए आरोपी की हिरासत की मांग की, जिसके बाद न्यायाधीश ने उसे 3 दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। फिलहाल अशोकनगर पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने पीड़िता को डराया-धमकाया था या नहीं और क्या इस घटना में कोई और भी शामिल है। नाबालिग की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उसे मनोवैज्ञानिक परामर्श भी दिया जा रहा है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in