निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बारासात : उत्तर 24 परगना जिले के गाइघाटा थाना क्षेत्र में आठवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। शुक्रवार को छात्रा का शव उसके घर के भीतर फंदे से लटका बरामद हुआ। परिजनों ने आरोप लगाया है कि स्थानीय युवक सुरजीत हलदर पिछले एक साल से छात्रा को प्रेम संबंध के नाम पर प्रताड़ित कर रहा था। परिवार का दावा है कि आरोपी युवक उसे अपने घर ले गया, जहां उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया गया और अश्लील वीडियो बनाकर लगातार ब्लैकमेल किया जाता रहा। शिकायत में आरोपी की मां पर भी इस कृत्य में सहयोग करने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
परिजनों का आरोप है कि करीब तीन महीने पहले आरोपी युवक ने छात्रा को अपने घर बुलाकर जबरन शांखा-सिंदूर पहना दिया और कमरे में बंद कर फिर दुष्कर्म किया। लगातार हो रही मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना तथा शादी के अनुचित दबाव से तंग आकर छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।