

नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार
जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार मिलन प्रधान ने हाई कोर्ट में पिटीशन दायर किया है। इसमें पुलिस के खिलाफ ओवर एक्शन का आरोप लगाया गया है। सोमवार को इसे जस्टिस सौगत भट्टाचार्य की कोर्ट में मेंशन करते हुए तत्काल सुनवाई की अपील की गई। जस्टिस भट्टाचार्य ने मंगलवार को सुनवाई की जाने का आदेश दिया।
जस्टिस भट्टाचार्य के कोर्ट में इसे मेंशन करते हुए उनके एडवोकेट अयन भट्टाचार्य ने कहा कि 19 साल पुराने चार मामलों में मिलन प्रधान को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही पांचवें मामले में भी गिरफ्तार दिखा दिया गया है। एडवोकेट भट्टाचार्य ने कहा कि यह चारों मामले 2007 के नंदीग्राम भूमि आंदोलन से जुड़े हैं। इतने साल तक पुलिस खामोश रही और उपचुनाव में उम्मीदवार बनते ही पुलिस सक्रिय हो गई। उन्होंने कहा कि इन चारों मामलों में जमानत के लिए नहीं आए हैं।उनके लिए जमानत याचिका अलग से दायर की गई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह पांचवा मामला दर्ज किया गया है इस तरह और भी मामला दर्ज किए जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि पेटीशनर इससे बचाव के लिए आया है। पेटीशनर को और अन्य मामले में गिरफ्तार किए जाने से बचाव के लिए सुरक्षा कवच दिया जाए। उन्होंने आशंका जताई कि चारों मामलों में जमानत मिलते ही अन्य मामलों में गिरफ्तार दिखा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि छह अक्टूबर को चुनाव होना है और चार अक्टूबर को प्रचार समाप्त हो जाएगा। एडवोकेट भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि पुलिस की कोशिश है कि पेटीशनर को प्रचार करने का मौका नहीं दिया जाए।