

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : इंटरनेशनल विमेंस डे के अवसर पर Merchants' Chamber of Commerce & Industry और MCCI Ladies Forum ने महानगर के एक होटल में ‘मनी EQ : द हिडन साइकोलॉजी ऑफ वेल्थ’ विषय पर एक विशेष मोटिवेशनल सत्र का आयोजन किया। कार्यक्रम में मोटिवेशनल स्पीकर, माइंड मिरेकल मेंटर और ट्रांसफॉर्मेशनल कोच Shivani Agarwal ने पैसे और भावनाओं के बीच के संबंध पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम की शुरुआत में Priti A Sureka ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि व्यापार और वित्त की दुनिया में अक्सर लोग केवल आंकड़ों और निवेश रणनीतियों पर ध्यान देते हैं, जबकि हर वित्तीय निर्णय के पीछे व्यक्ति की सोच, भावनाएं और विश्वास भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पैसे के साथ हमारे मनोवैज्ञानिक संबंध को समझना ही असली वित्तीय सफलता और व्यक्तिगत संतुष्टि की कुंजी है।
पैसे और भावनाओं का गहरा रिश्ता
अपने संबोधन में Shivani Agarwal ने कहा कि पैसा केवल आर्थिक साधन नहीं बल्कि भावनात्मक स्वास्थ्य से भी जुड़ा होता है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का पैसे के साथ एक व्यक्तिगत रिश्ता होता है और कई बार जीवन के अनुभवों से “मनी वुंड्स” भी बन जाते हैं। उनके अनुसार, पैसे के साथ स्वस्थ और सकारात्मक संबंध बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पैसा एक ऊर्जा की तरह है और इसका उपयोग समाज के लिए अच्छे कार्यों में किया जाना चाहिए। अग्रवाल ने ग्रेटिट्यूड, ग्रेस, ग्रोथ और जेनरोसिटी को समृद्धि से जुड़ी अहम भावनाएं बताया।
महिलाओं को ‘MCCI विमेन अचीवर्स अवॉर्ड’
कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली छह महिलाओं को ‘MCCI विमेन अचीवर्स अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में प्रसिद्ध डांसर और कोरियोग्राफर Tanusree Shankar, Seema Sapru (प्रिंसिपल, द हेरिटेज स्कूल), Joita Sen (डायरेक्टर और मार्केटिंग हेड, Senco Gold & Diamonds), अल्टरनेटिव मेडिसिन की सर्टिफाइड मेडिकल प्रैक्टिशनर Dr. Preeti Ganatra, मशहूर तीरंदाज और Arjuna Award विजेता Dola Banerjee तथा Rochita De (डायरेक्टर, Sreeleathers Limited और फाउंडर, हाउस ऑफ SL) शामिल थीं। कार्यक्रम में वक्ताओं ने महिलाओं की नेतृत्व क्षमता, आर्थिक आत्मनिर्भरता और समाज में उनके योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि इस तरह के मंच महिलाओं को प्रेरित करने और उनके अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान करते हैं।