मायापुर-नवद्वीप के ‘साधु’ का वेश में घरों में दी दस्तक, पूजा के नाम पर गहने और नकदी लेकर हुए फरार

Mayapur-Navadvipa monks disguised as monks entered homes, fled with jewelry and cash in the name of worship.
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया: नदिया जिले के शांतिपुर थाना अंतर्गत बेलघरिया नंबर 2 ग्राम पंचायत इलाके में ठगी की इस अनोखी वारदात ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है। यहां ‘साधु’ के वेश में आए एक जालसाज ने महिलाओं की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करते हुए उनके जीवन भर की कमाई पर हाथ साफ कर दिया।

भविष्य का डर दिखाकर जाल में फंसाया

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलघरिया इलाके की निवासी लक्ष्मी नायक और शेफाली विश्वास इस ठगी का शिकार हुई हैं। कुछ दिनों पहले भगवा वस्त्र धारण किए, माथे पर तिलक और गले में तुलसी की माला लटकाए एक व्यक्ति ने खुद को नवद्वीप धाम का 'गोपाल दास महाराज' बताकर इलाके में प्रवेश किया। वह घर-घर जाकर महिलाओं को उनके भविष्य के बारे में डराने लगा। उसने महिलाओं से कहा, "तुम्हारे घर पर गोपाल पूजा करानी होगी, वरना परिवार पर भारी विपत्ति आने वाली है।"

दरवाजा बंद कर रची लूट की साजिश

विपत्ति के डर से डरी हुई महिलाओं ने पूजा का आयोजन किया। कथित महाराज ने घर के भीतर प्रवेश कर दरवाजा बंद कर लिया और पूजा शुरू करने का ढोंग रचा। पूजा संपन्न करने के बाद वह कुछ नियम बताकर वहां से चला गया। संदेह तब हुआ जब महिलाओं ने पूजा के बाद कलश विसर्जन के नियम पूछने के लिए महाराज को फोन किया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला।

अलमारी खोली तो उड़ गए होश

जब पीड़ितों ने कमरे के भीतर जाकर अपनी अलमारी और लॉकर की जांच की, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अलमारी से नकदी और सोने के कीमती आभूषण गायब थे। एक के बाद एक कई घरों से इसी तरह की चोरी की खबर सामने आने लगी। ठगी का शिकार हुई महिलाओं ने तुरंत शांतिपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ितों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस बहरूपिये को गिरफ्तार करे और उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलाए। शांतिपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और हुलिए के आधार पर आरोपित की तलाश तेज कर दी है। पुलिस ने आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है कि वे अनजान व्यक्तियों को 'साधु' या 'ज्योतिषी' समझकर घर के भीतर प्रवेश न करने दें।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in