

दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें एक डेढ़ साल का बच्चा भी शामिल है।
सुबह करीब 4 बजे दूसरी मंजिल से शुरू हुई आग तेजी से तीसरी और चौथी मंजिल तक फैल गई। मौके पर 14 फायर टेंडर पहुंचाए गए और करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस हादसे में कई एक ही परिवार के लोग झुलसकर जान गंवा बैठे। घायलों को गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, AC में ब्लास्ट के कारण आग लगने की आशंका है, हालांकि असली वजह की जांच जारी है।
मुख्यमंत्री ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।