हावड़ा में इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में लगी आग

Massive Fire Guts Electronics Showroom in Howrah Munshirhat
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा जिले के जगतबल्लभपुर थाना अंतर्गत मुंशीरहाट बाजार स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक सामान के शोरूम में गुरुवार की शाम आग लग गई। घटना के बाद से ही पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार शोरूम से काले धुएं का भारी गुबार निकलता देखा गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और शोरूम के भीतर रखे टीवी, फ्रिज, एयर कंडीशनर (एसी) और महंगे मोबाइल फोन धू-धू कर जलने लगे।

लाखों का सामान जलकर हुआ खाक

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि स्थानीय दुकानदारों और निवासियों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश में जुट गए, लेकिन आग पर काबू पाना मुमकिन नहीं हो सका। घटना की जानकारी मिलते ही जगतबल्लभपुर थाने की पुलिस और दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। प्राथमिक अनुमान है कि यह भीषण आग संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। हालांकि पुलिस हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in