राजमिस्त्री ठेकेदार की पीट-पीटकर हत्या, उत्तर 24 परगना के शासन में भारी तनाव

बकाया पैसे मांगने गए युवक को आरोपियों ने उतारा मौत के घाट, गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम
Mason contractor beaten to death, North 24 Parganas administration under severe stress
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : उत्तर 24 परगना जिले के शासन थाना अंतर्गत खमार इलाके में उस समय भारी तनाव फैल गया, जब बकाया पैसे मांगने गए एक राजमिस्त्री ठेकेदार की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद शुक्रवार सुबह से ही स्थानीय निवासियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस के काफी समझाने और आश्वासन देने के बाद स्थिति नियंत्रण में आई।

क्या है पूरी घटना?

मृतक की पहचान 40 वर्षीय अहमद अली के रूप में हुई है, जो शासन के खमार इलाके के निवासी थे। अहमद पेशे से राजमिस्त्री के ठेकेदार थे। जानकारी के अनुसार, उन्होंने शासन के ही बादापाड़ा निवासी हाफिजुल इस्लाम के घर की छत ढलाई का काम किया था। इस काम के बदले हाफिजुल के पास अहमद के लगभग 14,000 रुपये बकाया थे। अहमद काफी समय से अपना पैसा मांग रहे थे, लेकिन हाफिजुल भुगतान करने में टालमटोल कर रहा था।

पैसे मांगने पर हुआ विवाद

गुरुवार रात करीब 8 बजे अहमद अली अपना बकाया पैसा मांगने हाफिजुल के घर गए थे। आरोप है कि वहाँ पैसे देने के बजाय हाफिजुल और उसके साथियों ने अहमद के साथ विवाद शुरू कर दिया। बहस देखते ही देखते हिंसक हो गई और अहमद को बेहरमी से पीटा गया। मारपीट के दौरान अहमद को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

जनता का आक्रोश और सड़क जाम

अहमद की मौत की खबर फैलते ही इलाके के लोग आक्रोशित हो गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी हाफिजुल इस्लाम इलाके के प्रभावशाली लोगों (तृणमूल कांग्रेस के करीबी) से जुड़ा हुआ है, इसीलिए वह अहमद को डरा-धमका रहा था। शुक्रवार सुबह उत्तेजित भीड़ ने हाफिजुल की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अमीनपुर-बोआलघाटा रोड को जाम कर दिया। सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही शासन थाने की भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने गुस्साए लोगों को समझाया और भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद सड़क जाम हटाया गया। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in