

बशीरहाट : बशीरहाट के स्वरूपनगर निवासी अंकन मंडल ने माध्यमिक में 96 प्रतिशत और उच्च माध्यमिक की परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किये थे। आर्थिक तौर पर कमजोर अंकन के परिवार ने और अंकन ने हालांकि उच्च शिक्षा लेने का सपना देखा है। अपने सपनों की ओर कदम बढ़ाते हुए अंकन ने एनआईआईटी की परीक्ष में 810 रैंक लाया है। हालांकि छात्र के सामने आर्थिक तंगी अब भी बड़ी चुनौती है। इसे देखते हुए बशीरहाट जिला पुलिस के अधीक्षक डॉ. हुसैन मेहंदी रहमान और स्वरूपनगर थाना प्रभारी अरिंदम हाल्दार ने अंकन की उच्च शिक्षा में उसके साथ खड़े होकर सहयोग का हाथ बढ़ाया है। यहां बता दें कि स्वरूपनगर में पलता का निवासी अंकन मंडल के पिता पीयूष मंडल खेती करते हैं। खेती पर ही वह अपने दो बेटों, एक बेटी और अपनी पत्नी की जिम्मेदारियों को संभालते हैं हालांकि परिवार के लिए वह कमाई काफी नहीं है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अंकन ने मेडिकल की पढ़ाई के लिए वित्तीय सहायता के लिए पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया था जिस पर वे इस छात्र के साथ खड़े हुए। उन्होंने जहां उसकी पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद की वहीं उसे एक लैपटॉप, स्टेथोस्कोप और कई अन्य अध्ययन सामग्री भी प्रदान की। एसपी डॉ. हुसैन मेहंदी रहमान ने कहा कि पुलिस हमेशा जिले के संकटग्रस्त छात्रों के साथ रही है और हमेशा रहेगी। अंकन के पिता ने कहा कि जिस तरह से बशीरहाट के पुलिस अधीक्षक मेरे जैसे लोगों के साथ खड़े हुए हैं, मैं उनका आभारी रहूंगा।