

नयी दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का शनिवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ दिल्ली के निगमबोध घाट में अंतिम संस्कार किया जायेगा। 92 वर्षीय डॉ. सिंह का गुरुवार रात एम्स दिल्ली में निधन हो गया था। तिरंगे में लिपटे उनके पार्थिव शरीर को उनके आवास '3 मोतीलाल नेहरू मार्ग' पर फूलों से सजे ताबूत में रखा गया, जहां अनेक नेताओं ने उनको श्रद्धांजलि दी। उनका पार्थिव शरीर शनिवार सुबह 8 बजे कांग्रेस मुख्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा जायेगा और वहीं से सुबह साढ़े 9 बजे अंतिम यात्रा भी शुरू होगी। मनमोहन सिंह की बेटियां शुक्रवार देर रात अमेरिका से भारत पहुंचीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कई प्रमुख नेताओं तथा अन्य हस्तियों ने सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर डॉ. सिंह की पत्नी गुरशरण कौर और परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
शोक प्रस्ताव पारित
प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शोक प्रस्ताव पारित किया और कहा कि उनके निधन से राष्ट्र ने प्रख्यात राजनेता और जानेमाने अर्थशास्त्री को खो दिया है। इधर, कांग्रेस कार्य समिति ने डॉ. सिंह के निधन पर दुख जताया और कहा कि कांग्रेस डॉ. सिंह की स्मृति को संजोने और उनके योगदान को आगे बढ़ाने का संकल्प लेती है।