

पटना - बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं, लेकिन उससे पहले भाजपा को बड़ा झटका लगा है। लोकप्रिय यूट्यूबर मनीष कश्यप ने खुद घोषणा की है कि उन्होंने अब भाजपा छोड़ दी है। मनीष ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने साफ कहा कि अब वे भाजपा के सदस्य नहीं रहे।
वीडियो में मनीष बताते हुए नजर आ रहे हैं कि वे चनपटिया सहित कई इलाकों का दौरा कर चुके हैं और कई लोगों से मिले हैं। इसी के बाद उन्होंने भाजपा छोड़ने का फैसला लिया। मनीष ने कहा कि अब उनकी प्राथमिकता बिहार के लोगों और मजदूरों के लिए लड़ना है, साथ ही बिहार से हो रहे पलायन को रोकना भी उनका मकसद है।
उन्होंने बताया कि पार्टी में रहते हुए भी वे इस मुद्दे को लेकर आवाज उठाते रहे हैं। मनीष ने आगे कहा कि अब उन्हें लगता है कि पार्टी में रहकर वह इन मुद्दों पर जोरदार आवाज नहीं उठा पाएंगे, इसलिए उन्होंने भाजपा छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने स्वीकार किया कि इस फैसले से कई लोग दुखी होंगे, लेकिन सभी जानते हैं कि इस कदम के लिए वे मजबूर थे।
2024 का लोकसभा चुनाव लड़कर खेल बिगाड़ देता- मनीष
मनीष ने कहा कि कई नेता उन्हें महत्वकांक्षी बताते थे, लेकिन मैं ऐसा बिल्कुल नहीं था। अगर मैं सचमुच महत्वकांक्षी होता तो 2024 के लोकसभा चुनाव में चुनाव लड़कर उनका खेल बिगाड़ देता। फिर भी, मैंने हालात को समझा और महसूस किया कि इन लोगों के साथ रहकर मैं सही तरीके से लोगों की मदद नहीं कर पाऊंगा। मनीष ने कहा कि आज की स्थिति यह है कि अगर मैं अपनी ही मदद नहीं कर पा रहा तो फिर अपने लोगों की कैसे मदद कर सकता हूं? इसी वजह से मैंने भारतीय जनता पार्टी छोड़ने का फैसला किया है।