

कर्नाटक : कर्नाटक के मंगलुरु स्थित मंगलुरु रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) के प्लांट में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रिफाइनरी की हाइड्रो सल्फर ट्रीटमेंट (CHT) यूनिट में अचानक जोरदार धमाका हो गया।
धमाके के तुरंत बाद यूनिट में आग भड़क उठी और परिसर से घना काला धुआं उठने लगा। हालांकि, फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी टीमों की तत्परता से आग पर जल्द काबू पा लिया गया।
एक कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसा, छह को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी
मंगलुरु के पुलिस कमिश्नर सुधीर कुमार रेड्डी सीएच के अनुसार, हादसे में कर्मचारी राजेश बैपटिस्ट गंभीर रूप से झुलस गए। उनके शरीर का करीब 35 प्रतिशत हिस्सा आग की चपेट में आया है। उन्हें तत्काल श्रीनिवास अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के मुताबिक उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के दौरान पास के कार्यालय में मौजूद छह अन्य कर्मचारियों को भी मामूली चोटें आईं। सभी को अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार और जरूरी मेडिकल जांच कराई गई, जिसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज
धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज रिफाइनरी से कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। जोकट्टे और सुरथकल के स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके के बाद उनके घरों में कंपन महसूस हुआ और दरवाजे-खिड़कियां तक हिल गईं। मंगलुरु एयरपोर्ट पर भी धमाके की आवाज सुनाई देने की खबर है।
जिला प्रशासन के निर्देश पर एयरपोर्ट प्रशासन ने परिसर और आसपास की जरूरी सुविधाओं का निरीक्षण शुरू किया है। इनमें प्रिसिजन अप्रोच लाइटिंग कैटेगरी-I सिस्टम और बाहरी सड़कें शामिल हैं। इस बीच सांसद कैप्टन ब्रजेश चौटा ने कहा कि वह MRPL अधिकारियों, पुलिस और फायर विभाग के संपर्क में हैं।
उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की। फिलहाल हादसे के कारणों की तकनीकी जांच जारी है और एहतियातन स्थानीय अस्पतालों को भी तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।