पड़ोसी के अंतिम संस्कार में गये व्यक्ति की संदिग्ध मौत

टोटो चालक पर हत्या का आरोप
Man who went to attend neighbour's funeral dies under suspicious circumstances in Nadia
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : नदिया जिले के कृष्णनगर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ पड़ोसी के दाह संस्कार में शामिल होने गए एक व्यक्ति की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सुफल दास (52) के रूप में हुई है, जो कोतवाली थाना अंतर्गत दोगाछिया ग्राम पंचायत के खाल बोआलिया दासपाड़ा के निवासी थे। इस घटना के बाद परिजनों ने टोटो चालक पर पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

श्मशान से घर नहीं लौटे सुफल

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार को सुफल अपने पड़ोसियों के साथ नवद्वीप श्मशान घाट गए थे। दाह संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, वह अन्य लोगों के साथ न लौटकर एक परिचित के टोटो पर सवार हो गए। जब काफी देर तक वह घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। इसी बीच, गश्त कर रही पुलिस को कोतवाली थाने के जलाल खाली रोड पर सुफल अचेत अवस्था में पड़े मिले।

परिजनों का आरोप- टोटो चालक ने की पिटाई

पुलिस ने तुरंत उन्हें बरामद कर शक्तिनगर जिला अस्पताल पहुँचाया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें कोलकाता स्थानांतरित कर दिया गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सुफल की पत्नी नयन दास ने रोते हुए बताया, "मैंने उसे जाने से मना किया था, पर वह नहीं माना। सभी पड़ोसी लौट आए पर वह नहीं आया। वह जिस टोटो में गया था, उसी चालक ने उसे पीट-पीटकर सड़क पर फेंक दिया। उसके नाक से खून निकल रहा था और सिर पर चोट के निशान थे।"

जांच में जुटी पुलिस

मृतक के परिवार ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं सुफल टोटो से गिर तो नहीं गए थे या यह वास्तव में हत्या का मामला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in