हावड़ा : दुकान के सामने बकरी बांधने के विवाद में चाकूबाजी

टिकियापाड़ा में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल, सीने में चाकू मारकर आरोपी फरार
Stabbed in Howrah Tikiapara Over Goat Tying Dispute
सांकेतिक फोटो User
Published on: 

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : दुर्गापूजा के उत्सव के बीच हावड़ा के टिकियापाड़ा में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। बेलिलियस रोड स्थित एक दुकान के सामने बकरी बांधने को लेकर हुए पुराने विवाद में गुरुवार रात करीब 10 बजे एक व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल व्यक्ति की पहचान गंगाराम बैरागी लेन निवासी और मोबाइल दुकान के मालिक अब्दुल रहमान के रूप में हुई है। आरोप है कि मटन व्यवसायी सैफ कुरैशी से करीब एक महीने पहले दुकान के सामने बकरी बांधने को लेकर विवाद हुआ था, जो मामला हावड़ा थाने तक पहुंचा था। त्योहार के माहौल में गुरुवार रात दोनों के बीच फिर बहस हुई और सैफ ने अचानक अब्दुल के सीने में चाकू से वार कर दिया।

हावड़ा जिला अस्पताल में पीड़ित भर्ती, पुलिस ने सहयोगी को दबोचा

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सैफ कुरैशी मौके से फरार हो गया। लहूलुहान हालत में अब्दुल रहमान को तत्काल हावड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही हावड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सैफ के एक साथी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फरार मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। दुर्गापूजा के दौरान घटी इस हिंसक घटना से इलाके में तनाव व्याप्त है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in