जिरट ब्रिज के हाइट बार से टकराकर युवक की मौत

अलीपुर थाना इलाके की घटना
जिरट ब्रिज
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : दुर्गा पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसे में बेहला निवासी युवक की मौत हो गई। यह घटना गुरुवार रात की है, जब बेहला सेनहाटी सतरापाड़ा पूजा समिति के सदस्य विसर्जन के लिए निकले थे। मृतक की पहचान उत्सव चट्टोपाध्याय (32) के रूप में हुई है, जो बेहला के श्याम चरण राय रोड का निवासी था और पेशे से ड्रमर था।

क्या है पूरा मामला

पूजा समिति के अन्य सदस्यों के साथ एक ट्रक में सवार होकर प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहा था। यात्रा के दौरान जब जुलूस अलीपुर चिड़ियाघर के निकट जिराट ब्रिज से गुजर रहा था, तभी ट्रक का ऊपरी हिस्सा पुल के हाइट बार से टकरा गया। हादसे के समय उत्सव ट्रक में ऊपर की ओर मौजूद था, जिससे वह असंतुलित होकर नीचे गिर गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उत्सव गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद उत्सव को एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और पूजा समिति के सदस्यों का कहना है कि दुर्घटना स्थल पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था नहीं थी, जिससे वाहन चालक को हाइट बार नजर नहीं आया और यह हादसा हो गया।

हादसे के बाद से पूजा समिति और पूरे इलाके में शोक की लहर है। उत्सव न सिर्फ समिति का सक्रिय सदस्य था, बल्कि एक कुशल ड्रमर के रूप में भी जाना जाता था। उसके असामयिक निधन से परिवार और मित्रों में गहरा दुख है।

फिलहाल इस घटना को लेकर कोई पुलिस शिकायत दर्ज नहीं की गई है और न ही मृतक के परिजनों की ओर से कोई कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। हालांकि, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से विसर्जन मार्गों पर बेहतर सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in