ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत

Man dies after being hit by train
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : नादिया जिले के फूलिया इलाके में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक दुर्घटना घटी, जहाँ रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक वृद्ध की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 70 वर्षीय गौरांग बसाक के रूप में हुई है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

सुनाई नहीं दी ट्रेन की सीटी

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, गौरांग बसाक उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे और उन्हें कानों से कम सुनाई देता था। सोमवार तड़के वे फूलिया स्थित अपने घर से कुछ दूर रेलवे लाइन के किनारे टहलने निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों का अनुमान है कि जब शांतिपुर-सियालदह डाउन लोकल ट्रेन आई, तो वे उसकी तेज सीटी सुन नहीं सके। क्षण भर की असावधानी के कारण वे ट्रेन की चपेट में आ गए और जोरदार टक्कर से दूर जा गिरे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर रेलवे पुलिस (GRP) ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक स्थानीय निवासी ने बताया, "वह हर दिन इसी रास्ते पर टहलते थे, लेकिन आज शायद कम सुनने की वजह से ट्रेन की आवाज का अंदाजा नहीं लगा पाए।" पुलिस ने अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in