

कोलकाता : टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने फेसबुक लाइव के जरिए नेताजी सुभाषचंद्र बोस के कथित अपमान के मुद्दे पर भाजपा के खिलाफ जोरदार हमला बोला। बिना किसी नेता का नाम लिए उन्होंने कहा कि कुछ लोग नेताजी को "देशद्रोही" बता रहे हैं और उनका अपमान कर रहे हैं। बंगाल इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि नेताजी का अपमान केवल बंगाल का नहीं, बल्कि पूरे देश और स्वतंत्रता संग्राम के सभी सेनानियों के बलिदान का अपमान है। माना जा रहा हैं कि ममता की यह प्रतिक्रिया भाजपा के राज्यसभा सांसद अनंत महाराज के उस विवादित बयान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य की टिप्पणी की पृष्ठभूमि में आई है, जिन पर नेताजी के सम्मान को लेकर तीखा राजनीतिक विवाद छिड़ा हुआ है।
ममता ने कहा कि जो लोग राजनीति, संस्कृति और बंगाल के इतिहास को नहीं जानते, वही नेताजी का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रपिता हैं तो नेताजी राष्ट्रनायक हैं। भाजपा ने सत्ता में आने से पहले नेताजी से जुड़ी गोपनीय फाइलें सार्वजनिक करने का वादा किया था, लेकिन आज तक वह वादा पूरा नहीं हुआ।
ममता ने युवाओं, छात्रों, महिलाओं, सांस्कृतिक संगठनों और अपनी आईटी टीम से नेताजी के सम्मान की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण जनआंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया।