ममता का मोदी पर ‘घुसपैठिया’ वार, BJP का पलटवार तेज

ईद मंच से बयान पर सियासी बवाल, भारतीय जनता पार्टी बोली—संवैधानिक पद के काबिल नहीं
ममता का मोदी पर ‘घुसपैठिया’ वार, BJP का पलटवार तेज
Published on

कोलकाता : ममता बनर्जी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए बयान को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री पर निशाना साधा और उन्हें संवैधानिक पद के योग्य नहीं बताया।

दरअसल, कोलकाता में ईद के एक कार्यक्रम के दौरान तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने अचानक राजनीतिक टिप्पणी करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों को “अल्पसंख्यक विरोधी” बताया। उन्होंने कहा, “कुछ लोग कहते हैं हिंदू खतरे में हैं, कुछ कहते हैं मुसलमान खतरे में हैं, लेकिन मैं कहती हूं कि धर्म का चश्मा हटाकर देखिए, पूरा देश खतरे में है।”

इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री पर तीखा हमला करते हुए उन्हें “सबसे बड़ा घुसपैठिया” तक कह दिया। उनके इस बयान पर BJP नेता शिशिर बजोरिया ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति देश के प्रधानमंत्री को घुसपैठिया कहता है, उसे संवैधानिक पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है और यह बयान उनकी चुनावी हार के डर को दर्शाता है।

BJP लंबे समय से पश्चिम बंगाल में बांग्लादेश से अवैध घुसपैठ का मुद्दा उठाती रही है और आरोप लगाती है कि यह तृणमूल सरकार के दौरान बढ़ा है। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस इन आरोपों को खारिज करते हुए कहती है कि सीमा की सुरक्षा केंद्र सरकार के अधीन है।

कार्यक्रम में ममता बनर्जी के साथ अभिषेक बनर्जी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग के विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान (SIR) पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि यह प्रक्रिया खास समुदायों को निशाना बना रही है। इस बयानबाजी के बाद राज्य में चुनावी माहौल और अधिक गरमाने के संकेत मिल रहे हैं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in