

कोलकाता: दुर्गा पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को प्रसिद्ध एकडालिया एवरग्रीन क्लब की पूजा का उद्घाटन किया। हालांकि माहौल उत्सव का था, लेकिन मंच पर पहुंचते ही ममता बनर्जी भावुक हो उठीं और दिवंगत नेता सुब्रत मुखर्जी को याद करते हुए नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा, इस पूजा में सुब्रत दा की बहुत याद आती है। वह सात दिन पहले से ही कॉल करते थे— 'कब आ रही हो? डेट दे दो।' हमेशा पहले तारीख ले लेते थे। यहां बैठकर सबके साथ बातें करते थे। आज भी उनकी कमी महसूस होती है। वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सुब्रत मुखर्जी, जो इस पूजा के मुख्य आयोजकों में से एक थे, 2021 में काली पूजा से ठीक पहले हृदय रोग के कारण चल बसे थे।
ममता ने कहा, मेरे पास उनकी तस्वीर है। जब भी देखती हूं, आंखों में आंसू आ जाते हैं। उनके इतनी जल्दी जाने की उम्मीद नहीं थी। यह बहुत बड़ी क्षति है। इस दिन ममता बनर्जी ने करीब 40 दुर्गा पूजा पंडालों का उद्घाटन किया, जिनमें भवानीपुर शीतला मंदिर की दुर्गापूजा, सिंघी पार्क, बालीगंज सांस्कृतिक, समाजवादी संघ, त्रिधारा जैसी कई पूजा शामिल हैं।
चक्रबेरिया पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय मारवाड़ी निवासियों के साथ डांडिया नृत्य किया। बाद में उन्होंने कहा, मैं हर साल यहाँ आती हूं। यह हमारे लिए 'मिनी इंडिया' है। यहां विभिन्न धर्मों, रंगों और भाषाओं के लोग रहते हैं। हम सभी भाषाओं का सम्मान करते हैं, लेकिन हमें उस राज्य की भाषा सीखनी होगी जहां हम रहते हैं। यह विविधता में एकता का सच्चा उदाहरण होगा।