दिल्ली में छात्रों के आंदोलन में शामिल होंगी ममता

सोमवार को जंतर-मंतर में नीट आंदोलन में छात्रों के समर्थन में उतरेंगी
ममता बनर्जी
ममता बनर्जी
Published on

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी सोमवार को दिल्ली जाकर नीट परीक्षा विवाद को लेकर छात्रों के आंदोलन में शामिल होंगी। पहले से की गई घोषणा के अनुरूप वह जंतर-मंतर पर आयोजित ''ककरोच जनता पार्टी'' (सीजेपी) के विरोध-प्रदर्शन में भाग लेंगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, वह सोमवार को ही दिल्ली रवाना होंगी।

दिल्ली रवाना होने से पहले शुक्रवार को ममता ने एक्स पर एक विस्तृत पोस्ट कर छात्रों के आंदोलन के प्रति अपना समर्थन दोहराया। उन्होंने कहा कि वह शुरुआत से ही छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी हैं। उनके अनुसार, यह लड़ाई केवल नीट घोटाले में न्याय की नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य की रक्षा की लड़ाई है।

ममता ने दिल्ली पुलिस पर शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कथित लाठीचार्ज, आंसू गैस, पेलेट गन के इस्तेमाल तथा इंटरनेट सेवाएं बंद करने का आरोप लगाते हुए इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब सीबीआई कथित मुख्य आरोपी के खिलाफ सबूत नहीं मिलने की बात कह रही है, तब सरकार आखिर किसे बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने शिक्षा मंत्री की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

गौरतलब है कि संसद के मानसून सत्र के पहले दिन 20 जुलाई को ''संसद चलो'' अभियान के दौरान जंतर-मंतर और मध्य दिल्ली में प्रदर्शनकारियों तथा पुलिस के बीच तीखा टकराव हुआ था। इसके अगले दिन 21 जुलाई को कोलकाता में शहीद दिवस की सभा से ममता ने घोषणा की थी कि जरूरत पड़ने पर वह स्वयं छात्रों के आंदोलन में शामिल होंगी। अब उसी घोषणा को अमल में लाते हुए वह सोमवार को दिल्ली पहुंचकर आंदोलनरत छात्रों के साथ एकजुटता का संदेश देंगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in