अबकी बार दिल्ली की बारी: ममता

कहा - अगले साल बंगाल जीतेंगे, उसके बाद दिल्ली पर करेंगे कब्जा
 ममता बनर्जी
ममता बनर्जी
Published on

कोलकाता: कुछ ही महीने बाद राज्य में विधानसभा चुनाव होंगे। इसका असर राज्य की राजनीति में अभी से दिखने लगा है। हालाँकि, तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने अब कहा है कि सिर्फ 2026 के विधानसभा चुनाव ही नहीं, बल्कि 2029 के लोकसभा चुनाव भी हमारा एक अहम लक्ष्य है। बुधवार को कोलकाता के मेट्रो चैनल से मुख्यमंत्री ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए भविष्य की राजनीतिक रणनीति का संकेत दिया। उन्होंने कहा, बंगाल हमारा था, है और रहेगा। आने वाले दिनों में हम सबको साथ लेकर दिल्ली भी जीतेंगे।

भाजपा अब और भी ज्यादा खतरनाक हो गयी है

सभा को संबोधित करते हुए ममता ने भाजपा को 'खतरनाक' बताते हुए कहा कि अब वह और भी ज्यादा खतरनाक हो गयी है। हमारे पास जो जानकारी है, उसके अनुसार भाजपा नीत राज्य सरकारों ने हजारों लोगों को गिरफ्तार किया है और कई को जबरन बांग्लादेश भेज दिया है। मुख्यमंत्री ने लोगों को चेताया कि नये वोटर समय पर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं। उन्होंने आशंका जताई कि नामांकन प्रक्रिया तक भाजपा चालाकी से वोटर लिस्ट से नाम हटा सकती है। ममता ने आरोप लगाया कि राज्य में जिस तरह से एक के बाद एक मतदाता सूची में बदलाव किए जा रहे हैं, वह भाजपा को जीत दिलाने का एक छिपा हुआ एजेंडा है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आपके पद का सम्मान करती हूं लेकिन आपसे आग्रह है कि आप सिर्फ भाजपा का होकर काम न करें। ममता ने आरोप लगाया, 'मैंने बिहार के बारे में सुना है, वहां 30.5 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिये गये हैं। इसी तरह भाजपा महाराष्ट्र में भी जीती थी और दिल्ली में भी ऐसा ही हुआ अन्यथा वह नहीं जीतती। अब भाजपा की नजर बंगाल पर है और वह यहां भी यही करने की कोशिश कर रही है।

ममता ने 'मिशन दिल्ली' के लिए तय किया लक्ष्य

ममता ने कहा कि वह चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, आने वाले दिनों में इंच-इंच की लड़ाई होगी। इस संदर्भ में, उन्होंने महाराष्ट्र, दिल्ली, ओडिशा समेत कई राज्यों में बंगालियों पर हो रहे अत्याचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, देश की आजादी की लड़ाई में लड़ने वालों पर आज अत्याचार हो रहे हैं? क्या एनआरसी उनके लिए सरकारी साजिश है? यह तो और भी बड़ा आपातकाल है, तो फिर आप इंदिरा गांधी को गाली क्यों दे रहे हैं? उन्होंने कहा, पार्टी में कई लोगों ने मुझसे पूछा कि 21 जुलाई को बैठक (शहीद दिवस) है, तो चार दिन पहले रैली क्यों हो रही है! मैंने उनसे कहा कि जब कोई अन्याय करता है, तो उसे सख्त जवाब देना ही पड़ता है। कुछ दिन पहले नीति आयोग की रिपोर्ट में बंगाल की जगह बिहार का नक्शा दिया गया था! अंत में उन्होंने साफ शब्दों में कहा, 2026 बंगाल का चुनाव फिर से हम ही जीतेंगे। और उसके बाद जो चुनाव होगा, वह हमारी इंडिया टीम जीतेगी। इसे याद रखिए। हम दिल से लड़ेंगे और देश की राजनीति की दिशा बदल देंगे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in