

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : राज्य में सत्ता परिवर्तन और नई सरकार के गठन के बाद भी हावड़ा मैदान स्थित सरकारी सांस्कृतिक केंद्र, शरत सदन परिसर में पूर्ववर्ती सरकार की छाप साफ दिखाई दे रही है। यहां पूर्ववर्ती सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'कन्याश्री' से संबंधित एक कियोस्क अब भी जस का तस मौजूद है, जिस पर तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीरें स्पष्ट रूप से लगी हुई हैं। प्रशासनिक गलियारों और आम जनता के बीच यह मामला अब भारी चर्चा का विषय बन गया है। लोगों का कहना है कि जब राज्य में राजनीतिक बदलाव हो चुका है और नई व्यवस्था काम कर रही है, तो सरकारी परिसरों से पुरानी प्रचार सामग्रियों और तस्वीरों को हटाने में इतनी देरी क्यों हो रही है? वहीं भाजपा के स्थानीय नेताओं ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा नेतृत्व का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है और इसकी पूरी जानकारी ली जा रही है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात कर जल्द ही इस कियोस्क को हटाने और आवश्यक कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई करवाने की बात कही।