

कोलकाता: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को राज्य के पहले मुख्यमंत्री डॉ बिधान चंद्र रॉय को उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की, जिसे राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने इस अवसर पर सभी डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को शुभकामनाएं भी दीं। ममता ने एक्स पर पोस्ट किया, पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र रॉय को उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर मेरी हार्दिक श्रद्धांजलि। मैं राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर सभी डॉक्टरों और चिकित्सा सेवाओं से जुड़े सभी भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई देती हूं। देश में स्वास्थ्य क्षेत्र में डॉ रॉय के योगदान को श्रद्धांजलि देने के लिए पहला 'राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस' वर्ष 1991 में मनाया गया था। कांग्रेस नेता रॉय को आधुनिक पश्चिम बंगाल का निर्माता कहा जाता था और वे वर्ष 1950 से 1962 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। उनका जन्म आज ही के दिन 1882 में हुआ था और 1962 में उनकी मृत्यु हो गई। रॉय को वर्ष 1961 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया था और सीएम के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कल्याणी, दुर्गापुर और साल्ट लेक जैसे शहरों की नींव रखने और आईआईटी खड़गपुर सहित कई संस्थानों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।