कोलकाता बारिश में मृतकों के परिवार के लिए ममता ने घोषित की सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता

कोलकाता बारिश में मृतकों के परिवार के लिए ममता ने घोषित की सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता
Published on: 

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

दार्जिलिंग : बुधवार कों दार्जिलिंग के लालकुठी में प्रशासनिक बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में हाल ही में हुई भारी बारिश में मृतकों के परिवार के लिए सहायता का ऐलान किया। त्योहार के समय लगातार पांच घंटे की बारिश से कोलकाता के कई इलाके जलमग्न हो गए थे। यादवपुर से भवानीपुर और पार्क सर्कस से एकबालपुर तक शहर की सड़कें पानी में डूब गई थीं। इस दौरान बिजली का करंट लगने से कम से कम 12 लोगों की मौत हुई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 अक्टूबर को शेक्सपियर सरणी चौराहे पर मृतकों के परिवार को राज्य सरकार की ओर से आर्थिक मदद दी जाएगी और प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी का नियुक्तिपत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना के बाद सीईएससी को जिम्मेदारी लेनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने कोई कदम नहीं उठाया। इसलिए राज्य सरकार ने स्वयं मदद का फैसला किया।

शुरुआत में प्रत्येक परिवार के लिए 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता घोषित की गई। इसके साथ ही, यदि सीईएससी नौकरी प्रदान नहीं करता है, तो राज्य सरकार विशेष होमगार्ड के रूप में एक सदस्य को नियुक्त करेगी। इस निर्णय से मृतकों के परिवारों को राहत मिली है और भविष्य में ऐसी प्राकृतिक आपदाओं में तेजी से सहायता देने का संदेश भी गया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News