माकपा नेता की हत्या मामले में तीन भाजपा-आरएसएस कार्यकर्ता दोषी करार, 16 बरी

भाजपा-आरएसएस के कुल 20 कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया था
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on: 

कन्नूर (केरलम): केरलम की एक स्थानीय अदालत ने 2016 में पय्यान्नूर में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता सी वी धनराज की हत्या के मामले में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के तीन कार्यकर्ताओं को दोषी करार दिया और 16 अन्य को बरी कर दिया।

तलिपरंबा के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के एन प्रशांत ने टी पी बीजू (34), एम विपिन (34) और उनके भाई एम वैशाख (31) को दोषी ठहराया। दोषी करार दिए गए लोग हत्या में सीधे तौर पर शामिल थे। अदालत सजा के संबंध में दलीलें सुनने के बाद फैसला सुनाएगी। एझिमाला में माकपा के शाखा सचिव रहे धनराज की 11 जुलाई 2016 को रामनथली में घर लौटते समय धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। अभियोजन पक्ष के अनुसार, हमलावरों का एक समूह मोटरसाइकिलों से उनका पीछा करते हुए उनके घर के पास पहुंचा और धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उनकी मां और पत्नी के सामने ही उन्हें चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया।

इस मामले में भाजपा-आरएसएस के कुल 20 कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया था। हालांकि, 19 आरोपियों के खिलाफ ही मुकदमे की सुनवाई पूरी हुई, क्योंकि 12वें आरोपी सी बीजू उर्फ चुरक्कट्टू बीजू की बाद में हत्या कर दी गई थी। मामले की सुनवाई 25 सितंबर 2025 को शुरू हुई थी। इस दौरान अदालत ने 43 गवाहों के बयान दर्ज किए। सुनवाई के दौरान 177 दस्तावेज और 33 भौतिक साक्ष्य भी पेश किए गए।

मामले की शुरुआती जांच तत्कालीन पय्यान्नूर सर्किल इंस्पेक्टर वी रमेशन ने की थी। बाद में एम पी असद ने जांच पूरी कर आरोपपत्र दाखिल किया।

धनराज की हत्या का मामला हाल में उस समय फिर राजनीतिक चर्चा में आया, जब माकपा की जिला समिति के पूर्व सदस्य वी कुन्हीकृष्णन ने आरोप लगाया कि धनराज की 'शहादत' के नाम पर जुटाई गई धनराशि के संग्रह में अनियमितताएं हुई थीं। इसके बाद कुन्हीकृष्णन को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। उन्होंने बाद में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के समर्थन से पय्यान्नूर विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीता।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News