खाद्य भवन में बड़ा हादसा! पांचवीं मंजिल से गिरे वरिष्ठ अधिकारी, हालत गंभीर

संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी इंद्रजीत भट्टाचार्य को SSKM अस्पताल में भर्ती कराया गया, घटना के कारणों की जांच शुरू
खाद्य भवन में बड़ा हादसा! पांचवीं मंजिल से गिरे वरिष्ठ अधिकारी, हालत गंभीर
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार के खाद्य भवन में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। खाद्य विपणन विभाग के संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी इंद्रजीत भट्टाचार्य भवन की पांचवीं मंजिल से नीचे गिर गए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तत्काल एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह कार्यालय का कामकाज शुरू होने के कुछ ही देर बाद हुई। अचानक तेज आवाज सुनकर कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक अधिकारी भवन की निचली मंजिल पर घायल अवस्था में पड़े हैं।

हादसे में इंद्रजीत भट्टाचार्य के सिर, आंख और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। हालांकि वह किस परिस्थिति में पांचवीं मंजिल से गिरे, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना को लेकर विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच चिंता का माहौल है।

घटना के समय भवन के भूतल पर मौजूद विभागीय वाहन चालक अजय दास ने बताया, “हम लोग नीचे बैठे थे। अचानक देखा कि ऊपर से कोई गिरा है। तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उस समय वह बेहोश थे।”

फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, घायल अधिकारी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, खाद्य भवन में हुई इस घटना से सरकारी कर्मचारियों के बीच भी हलचल मच गई है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in