

परभणी : महाराष्ट्र के परभणी जिले में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। मानवत तालुका स्थित प्रसिद्ध यशवाड़ी देवस्थान के हनुमान मंदिर में निर्माणाधीन सभा मंडप की छत अचानक गिर गई। हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। शनिवार होने के कारण मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ जुटी थी। अचानक छत गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के तुरंत बाद प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया। मलबे में फंसे श्रद्धालुओं को निकालने के लिए बचाव दल, पुलिस और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को इलाज के लिए परभणी जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कई एंबुलेंस को घटनास्थल पर तैनात किया गया है। राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
परभणी की गार्जियन मंत्री मेघना बोर्डिकर ने घटना का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से संपर्क किया। उन्होंने राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए जरूरी उपकरण और क्रेन तुरंत भेजने के निर्देश दिए।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधायक राजेश विटेकर समेत जिले के अन्य नेताओं ने भी प्रशासन से संपर्क कर बचाव कार्य तेज करने की अपील की है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। निर्माणाधीन मंडप की संरचना कमजोर होने या अन्य तकनीकी कारणों की भी जांच की जाएगी।