सोना-चांदी की कीमतों में बड़ा उछाल

आयात शुल्क बढ़ने से MCX पर 8% तक तेजी, निवेशकों और कारोबारियों में चिंता
सोना-चांदी की कीमतों में बड़ा उछाल
Published on

नई दिल्ली : केंद्र सरकार द्वारा सोना और चांदी पर आयात शुल्क बढ़ाए जाने के बाद घरेलू बाजार में कीमतों में भारी उछाल देखने को मिला है। Multi Commodity Exchange (MCX) पर दोनों की कीमतों में करीब 8 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई।

बुधवार को जून डिलीवरी वाले सोने के फ्यूचर्स में 7 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई। इसके बाद 10 ग्राम सोने की कीमत 1,64,497 रुपये तक पहुंच गई, हालांकि बाद में इसमें थोड़ी गिरावट आई और यह करीब 1.54 लाख रुपये के आसपास ट्रेड करता रहा, जो पिछले दिन के मुकाबले करीब 6 प्रतिशत अधिक है।

वहीं, जुलाई डिलीवरी वाली चांदी की कीमत में भी जोरदार उछाल आया। चांदी की कीमत में करीब 22 हजार रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे इसका भाव 3.01 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गया। बाद में यह घटकर करीब 2.97 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास आ गया।

इस तेजी के पीछे सबसे बड़ा कारण सरकार की नई आयात शुल्क नीति है। सरकार ने सोना और चांदी पर शुल्क 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 9 प्रतिशत कर दिया है। इसके साथ ही प्लैटिनम पर भी आयात शुल्क में वृद्धि की गई है।

सरकार का कहना है कि यह कदम विदेशी मुद्रा खर्च को कम करने, चालू खाता घाटा नियंत्रित करने और अनावश्यक आयात पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है। इससे आर्थिक स्थिरता बनाए रखने में मदद मिलेगी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली है। COMEX पर सोना 0.52 प्रतिशत बढ़कर 4,710 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया, जबकि चांदी की कीमत में 2.28 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में बाजार में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है, जिससे निवेशकों और कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in