

मस्कट/नई दिल्ली : ओमान के तट के पास रविवार को 14 भारतीय नागरिकों को लेकर जा रही एक धौ (पारंपरिक नाव) के संकट में फंसने के बाद बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया। नाव रस अल हद्द से करीब 80 समुद्री मील पूर्व में डूबने लगी थी।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, अमेरिकी नौसेना को धौ के संकट में होने की सूचना मिली, जिसके बाद उसने भारतीय नौसेना और संबंधित तटीय अधिकारियों को अलर्ट किया। इसके बाद तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अमेरिकी नौसेना के P-8 समुद्री निगरानी विमान ने मौके पर पहुंचकर समुद्र में लाइफ राफ्ट गिराया, जिस पर नाव में सवार लोगों को सुरक्षित पहुंचाया गया। इसके अलावा सेंट किट्स एंड नेविस के झंडे वाले व्यापारी जहाज MV Jabal Ali 9 को भी बचाव अभियान में शामिल किया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, नाव में सवार सभी 14 लोग भारतीय नागरिक हैं। फिलहाल उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है। बचाव अभियान लगातार जारी है और अधिकारियों की टीम हालात पर नजर बनाए हुए है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब होर्मुज जलडमरूमध्य और खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका-ईरान तनाव के कारण समुद्री गतिविधियां पहले से प्रभावित हैं। इस रणनीतिक समुद्री मार्ग से बड़ी संख्या में तेल और व्यापारिक जहाज गुजरते हैं, जिसके चलते क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
नाव के संकट में आने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।