राम मंदिर ट्रस्ट की बड़ी बैठक, चंपत राय और अनिल मिश्रा की जगह अभी कोई नहीं

राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक आज, चंपत राय-अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर बड़ा फैसला संभव
राम मंदिर ट्रस्ट की बड़ी बैठक, चंपत राय और अनिल मिश्रा की जगह अभी कोई नहीं
Published on

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की सोमवार को होने वाली अहम बैठक पर सभी की नजरें टिकी हैं। बैठक में राम मंदिर दान चोरी मामले, ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट सदस्य अनिल मिश्रा के इस्तीफों समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार किए जा सकते हैं। इसके साथ ही राम मंदिर में कथित दान चोरी की घटना पर ट्रस्ट की ओर से खेद भी व्यक्त किया जा सकता है। हालांकि, आज किसी नए ट्रस्ट सदस्य या नए महासचिव के नाम का ऐलान होने की संभावना बेहद कम है।

सूत्रों के अनुसार, नए महासचिव की नियुक्ति के लिए अगले महीने ट्रस्ट की विशेष बैठक बुलाई जा सकती है। उसी बैठक में नए पदाधिकारी के नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

इस बीच, नए महासचिव के लिए स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि विश्व हिंदू परिषद और अयोध्या के कई संत-महात्मा भी उन्हें इस पद के लिए उपयुक्त मानते हैं। ट्रस्ट के कई सदस्यों के बीच भी उनके नाम को लेकर सहमति बनने की चर्चा है।

हालांकि, सूत्रों का दावा है कि स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती ने फिलहाल यह जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया है। उनका मानना है कि हाल के विवादों और ट्रस्ट की छवि को हुए नुकसान के बीच वह इस पद का दायित्व नहीं संभालना चाहते।

ऐसे में सोमवार की बैठक में नए महासचिव के नाम का ऐलान होने की संभावना कम है। ट्रस्ट पहले स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती को मनाने की कोशिश कर सकता है। यदि सहमति नहीं बनती है, तो किसी अन्य नाम पर विचार कर अगले चरण में नए महासचिव की घोषणा की जा सकती है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in