

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के गठन के बाद सोमवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की कैबिनेट का बड़ा विस्तार हुआ। लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में 35 नए मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल आरएन रवि ने सभी मंत्रियों को शपथ दिलाई। इसके साथ ही राज्य की भाजपा सरकार में मंत्रियों की कुल संख्या बढ़कर 41 हो गई है।
समारोह की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रीय गान के साथ हुई। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी स्वयं कार्यक्रम में मौजूद रहे। मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने नए मंत्रियों के नामों की घोषणा की। पूर्ण मंत्री के रूप में तापस राय, मनोज उरांव, अर्जुन सिंह, गौरीशंकर घोष, दीपक बर्मन, शारद्वत मुखोपाध्याय, अरूप कुमार दास, स्वपन दासगुप्ता, कल्याण चक्रवर्ती, शंकर घोष और दूधकुमार मंडल ने शपथ ली। स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्री के तौर पर मालती रावा राय, राजेश महतो और इंद्रनील खां को जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, अंशकालिक (राज्यमंत्री) पद की शपथ लेने वालों में अशोक डिंडा, कौशिक चौधरी, जुएल मुर्मू, हरेकृष्ण बेरा, शांतनु प्रमाणिक, उमेश राय, पूर्णिमा चक्रवर्ती, भास्कर भट्टाचार्य, दिवाकर घरामी, नादिया चंद बाउरी, गर्गी दास घोष, अमिय किस्कू, कलिता माझी, बिराज विश्वास, सुमना सरकार, आनंदमोय बर्मन, विशाल लामा और दीपंकर जाना समेत कई नाम शामिल हैं।
हालांकि, किस मंत्री को कौन सा विभाग मिलेगा, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। सूत्रों के मुताबिक, शपथ ग्रहण के बाद सभी मंत्री सीधे नवान्न जाएंगे, जहां मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। माना जा रहा है कि इसी बैठक में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी विभागों का बंटवारा कर सकते हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और बालुरघाट सांसद सुकांत मजूमदार, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य तथा मंत्री अग्निमित्रा पाल भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि 9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उस समय उनके साथ पांच मंत्रियों ने भी शपथ ली थी। अब कैबिनेट विस्तार के जरिए भाजपा सरकार ने अपने प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत किया है।