

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के बाराटांग क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध जरवा क्रीक मड वोल्केनो में बुधवार को एक बड़ा विस्फोट हुआ। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम ने न केवल पर्यटकों बल्कि स्थानीय प्रशासन को भी चौकन्ना कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विस्फोट के दौरान मड वोल्केनो से गैस, कीचड़ और पानी का मिश्रण अत्यधिक दबाव के साथ बाहर निकल पड़ा। विस्फोट इतना तेज़ था कि आसपास की सुरक्षा रेलिंग भी टूट गई और कीचड़ तथा पानी का बहाव काफी दूर तक फैल गया।
यह मड वोल्केनो वर्षों से बाराटांग का एक प्रमुख पर्यटक आकर्षण रहा है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में सैलानी पहुँचते हैं। घटना के समय भी कुछ पर्यटक वहां मौजूद थे। सौभाग्यवश, एक स्थानीय व्यक्ति, जो पर्यटकों के साथ मौके पर मौजूद थे, उन्होंने विस्फोट से पहले असामान्य गतिविधियों को देखकर संभावित खतरे की आशंका जताई और समय रहते सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट के साथ ज़मीन में कंपन महसूस किया गया और कुछ सेकंड के भीतर भारी मात्रा में कीचड़ और गैस ऊपर की ओर फूटने लगे। हालांकि, यह सामान्य ज्वालामुखी की तरह नहीं होता जिसमें लावा निकलता है, बल्कि इसमें गैस, कीचड़ और गर्म पानी का मिश्रण अत्यधिक दबाव के साथ बाहर आता है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही भारत के एकमात्र सक्रिय ज्वालामुखी बैरन आईलैंड में भी विस्फोट हुआ था, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया और समाचार चैनलों पर चर्चा का विषय बनी थीं। अब बाराटांग के इस मड वोल्केनो में हुई इस बड़ी घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा उपायों और निगरानी को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। प्रशासन ने फिलहाल स्थिति पर सतर्क निगरानी रखी है और पर्यटकों से आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।