

कोलकाताः पश्चिम बंगाल के पूर्व क्रिकेटर शिव शंकर पॉल, संथाल शिक्षाविद् तनुश्री हंसदा और इस्लामी मामलों के जानकार मोहम्मद मुफ्ती अब्दुल मतीन मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। इस अवसर पर राज्य की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘शिव शंकर पॉल एक पूर्व क्रिकेटर हैं, जिन्होंने बंगाल को गौरवान्वित किया है और अब वह युवा प्रतिभाओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं।’’
बंगाल का प्रतिनिधित्व कर चुके प्रथम श्रेणी के पूर्व क्रिकेटर तेज गेंदबाज पॉल कोलकाता, तूफानगंज और कूच बिहार में 'शिव शंकर पॉल क्रिकेट अकादमी' चलाते हैं। भट्टाचार्य ने सरकार की 'खेलाश्री' योजना को लेकर कहा कि इसके तहत 38,000 से अधिक क्लब, 1,300 कोचिंग शिविरों और 34 राज्य-स्तरीय खेल संगठनों को वित्तीय सहायता दी गई है।
मतीन उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली और मुर्शिदाबाद के 86 मदरसों से जुड़े हैं। वह मतीन साहब के नाम से जाने जाते हैं। वहीं, हंसदा कोलकाता के हेरम्बा चंद्र कॉलेज में बांग्ला भाषा की विभागाध्यक्ष और सहायक प्रोफेसर हैं। उनके पास 15 वर्षों से अधिक का शिक्षण अनुभव है। हंसदा अखिल भारतीय संथाली लेखक संघ में सक्रिय रही हैं और वह बांकुड़ा, झाड़ग्राम और पुरुलिया जिलों में जमीनी स्तर पर काम करती हैं।
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी सरकार के लिए अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति का सशक्तीकरण सर्वोच्च प्राथमिकता रहा है। पश्चिम बंगाल की 294-सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा और मतगणना चार मई को होगी।