

नई दिल्ली: सोना और चांदी खरीदने वालों के लिए राहत भरी खबर है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को सोने की कीमत में 1,100 रुपये की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 1,58,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
वहीं चांदी की कीमतों में भी भारी गिरावट देखने को मिली। चांदी 5,000 रुपये टूटकर 2,55,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 2,60,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी पर दबाव बना हुआ है। अमेरिका के मजबूत आर्थिक आंकड़ों और ब्याज दरों को लेकर बढ़ती चिंताओं के कारण निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश विकल्पों से कम हुआ है।
विश्लेषकों का कहना है कि कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना करीब 1 प्रतिशत गिरकर 4,291.79 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 66.93 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी।
इस बीच, वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमत लगभग 5 प्रतिशत बढ़कर 97.44 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है, जिससे महंगाई को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी महंगाई आंकड़ों और फेडरल रिजर्व के आगामी फैसलों से पहले सोना-चांदी के बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। हालांकि, लंबी अवधि में सोना अब भी महंगाई के खिलाफ एक मजबूत निवेश विकल्प माना जा रहा है।