

कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार को हुए दर्दनाक हादसे के बाद शहर में निर्माण कार्यों को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। कारखाने की छत गिरने से कई मजदूरों के दबने और तीन लोगों की मौत की खबर के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि कोलकाता नगर निगम क्षेत्र में फिलहाल सभी निर्माण कार्यों को रोकने का निर्देश दिया गया है। पूर्व सरकार के समय जिन निर्माण परियोजनाओं को मंजूरी मिली थी, उनकी भी दोबारा जांच की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी निर्माण स्थलों का विशेष टीम द्वारा ऑडिट कराया जाएगा। जांच में सुरक्षा मानकों और निर्माण योजना में कोई कमी नहीं मिलने पर 1 अगस्त से दोबारा काम शुरू करने की अनुमति दी जा सकती है। फिलहाल यह कदम कोलकाता नगर निगम क्षेत्र के लिए उठाया गया है। बाद में इसी तरह की समीक्षा बिधाननगर और हावड़ा में भी कराई जाएगी।
शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि मुख्य सचिव के नेतृत्व में कोलकाता नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD), सिविल डिफेंस, दमकल विभाग, पुलिस और केएमडीए के प्रतिनिधियों को शामिल कर एक टीम बनाई जाएगी। जहां जरूरत होगी, वहां पोर्ट और मेट्रो अथॉरिटी के अधिकारियों को भी ऑडिट कमेटी में शामिल किया जाएगा।
हालांकि अस्पतालों और अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़े निर्माण कार्यों को इस रोक से छूट दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरुवार को विधानसभा में तारातला हादसे को लेकर बयान दिया जाएगा। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार निर्माण योजना में कुछ खामियां सामने आई हैं। हालांकि पूरी जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
तारातला में हुए हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है। घायलों को इलाज के लिए एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया है।