होर्मुज स्ट्रेट में बड़ा हमला! 11 भारतीयों वाला जहाज निशाने पर, 1 अब भी लापता

ओमान तट के पास कमर्शियल जहाज पर हमले के बाद भारत की कड़ी प्रतिक्रिया, 10 भारतीय सुरक्षित; MEA ने तेज किया रेस्क्यू ऑपरेशन
होर्मुज स्ट्रेट में बड़ा हमला! 11 भारतीयों वाला जहाज निशाने पर, 1 अब भी लापता
Published on

होर्मुज स्ट्रेट में एक कमर्शियल जहाज पर हुए हमले के बाद भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ओमान तट के पास हुए इस हमले में GFS Galaxy नामक जहाज पर सवार 11 भारतीय नागरिकों में से 10 को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत और बचाव अभियान की निगरानी कर रहा है।

विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि भारत ओमान तट के पास नागरिक जहाज पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता है। मंत्रालय के अनुसार, ओमान स्थित भारतीय दूतावास लगातार हालात पर नजर रखे हुए है और ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर लापता भारतीय की तलाश में जुटा है। भारत ने बचाव अभियान में सहयोग के लिए ओमान सरकार का आभार भी व्यक्त किया।

भारत ने क्षेत्र में व्यावसायिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए सभी पक्षों से तत्काल तनाव कम करने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर नागरिक जहाजों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए तथा समुद्री व्यापार और नौवहन को जल्द से जल्द सामान्य किया जाना चाहिए।

यह घटना ऐसे समय हुई है जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव चरम पर है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि उसने एक जहाज पर चेतावनी स्वरूप फायरिंग की, क्योंकि वह निर्धारित समुद्री मार्ग का पालन नहीं कर रहा था। घटना के बाद ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को अगली सूचना तक बंद करने का ऐलान किया।

वहीं, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने इसे एक नागरिक कमर्शियल जहाज पर सीधा हमला बताया। अमेरिका के अनुसार, हमले में जहाज के इंजन रूम को भारी नुकसान पहुंचा, आग लग गई और चालक दल को लाइफबोट के जरिए जहाज छोड़ना पड़ा। CENTCOM ने भी एक क्रू सदस्य के लापता होने की पुष्टि की।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in