सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : केंद्र सरकार ने राज्य के लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव के आधार पर वर्ष 2026–27 के लिए CRIF परियोजना के तहत 1,042.62 करोड़ रुपये की लागत वाली 6 महत्वपूर्ण सड़क अवसंरचना परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इसके परिणामस्वरूप उत्तर बंगाल, दक्षिण बंगाल और जंगलमहल को मिलाकर 194 किलोमीटर से अधिक महत्वपूर्ण सड़क संपर्क व्यवस्था और अधिक बेहतर एवं मजबूत होगी। मंगलवार को सीएम शुभेंदु अधिकारी ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी तथा भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) को पश्चिम बंगाल सरकार और राज्य की जनता की ओर से हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हैं। राज्य का लोक निर्माण विभाग इन परियोजनाओं का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करेगा और सर्वोच्च गुणवत्ता मानकों को बनाए रखते हुए कार्य को सुचारु रूप से पूरा करेगा। ग्रामीण एवं राजमार्ग संपर्क व्यवस्था का विकास हमारी सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में है। राज्य के आर्थिक विकास को मजबूत करने और सड़क अवसंरचना को विश्वस्तरीय बनाने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार प्रतिबद्ध है।